ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: सोनीपत जिला की तहसील गोहाना को जिला बनाने की मांग को प्रदेश सरकार ने स्वीकार करते हुए शीघ्र तोहफा मिला सकता है। वर्षों तक लोगों की गोहाना को जिला बनाने की डिमांड रही है। जिला बनाने की मांग को लेकर गोहानावासियों ने कई बार अनशन करते हुए प्रदेश सरकार तक अपनी बात को पहुंचाने का काम किया था। सोमवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव ने जिला उपायुक्त डा. अशंज सिंह को पत्र जारी कर जिला बनाने के लिए कई जानकारी मांगी हैं।
अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा जारी किए गए पत्र के अनुसार 2011 की जनगणना के अनुसार सोनीपत जिला की जनसंख्या, कुल विधानसभा क्षेत्र, सब डिवीजन, सब तहसील, तहसील, ब्लाक व नगरपालिका, नगर निगम के बारे में जानकारी मांगी है। ताकि प्रस्तावित गोहाना जिला का नक्शा तैयार किया जा सके। प्रस्तावित गोहाना जिला में तीन विधानसभा क्षेत्र शामिल करने की योजना भी प्रदेश सरकार की है।

