ऑनलाइन डेस्क लिविंग इंडिया न्यूज: पलवल में पार्क में घूमने गए एक 20 वर्षीय युवक की पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीट- पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने हत्या करने के बाद शव को जोहड़ में फेंक दिया। परिजनों की काफी मशक्कत के बाद मृतक का शव बरामद हुआ।
सदर थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि गांव औरंगाबाद निवासी हरवीर ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका भाई पंकज गांव में स्थित पार्क में घूमने के लिए गया था। जहां पर गांव निवासी महेश, रवि, अजय और दो तीन अन्य युवक पहले ही मौजूद थे, जिनके हाथों में लाठी-डंडा व लोहे की रॉड थी। आरोपियों ने मिलकर पंकज पर हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
इतना ही नही आरोपियो ने पंकज के मृत शरीर को खुर्द-बुर्द कर जोहड़ में फेंक दिया। काफी तलाश करने के बाद पंकज के शव को जोहड़ से बरामद किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया है। पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।


