मुंबई,12 अगस्त
मुंबई में लगातार जारी भारी बारिश के बीच बुधवार सुबह भूस्खलन की खबर सामने आई है।कुर्ला के चिराग नगर और घाटकोपर के अशोक नगर इलाके में चॉल पर पहाड़ का हिस्सा गिरने से कई लोग मलबे में दब गए। हादसे में अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि करीब 4 से 8 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव अभियान प्रशासन द्वारा लगातार जारी है।
BMC के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 3:48 बजे भूस्खलन की सूचना मिली। इसके बाद BMC फायर ब्रिगेड, पुलिस, NDRF, 108 एंबुलेंस और अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का काम शुरू किया।
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी का एक हिस्सा चॉल पर आ गिरा। इसकी चपेट में आसपास की कई झुग्गियां और घर आए हैं। बचाव दल मलबे में दबे लोगों को तलाशने में जुटा है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
अन्य खबरें जानें-
हरियाली अमावस्या पर आज लगेगा साल का आखिरी सूर्य ग्रहण, जानिए- समय और सूतक काल


