Mumbai Airport: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. मपुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर के धमकी दी गई कि मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट में बम रखा हुआ है. हालांकि, बाद में जब मामले की जांच की गई तो ये धमकी फर्जी निकली.
अधिकारियों ने बताया कि मुंबई पुलिस नियंत्रण कक्ष को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बम की धमकी देने के आरोप में मंगलवार को 35 वर्षीय एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया. अंधेरी ईस्ट के साकीनाका निवासी आरोपी मंजीत कुमार गौतम ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने अपनी पत्नी से झगड़े के बाद हताशा में फर्जी कॉल की थी.
एक अधिकारी ने बताया, “गौतम ने मंगलवार सुबह 9 बजे शहर के पुलिस मुख्य नियंत्रण कक्ष को फोन किया और कहा कि दोपहर करीब 2 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विस्फोट होगा.” उन्होंने बताया कि नियंत्रण कक्ष के कर्मचारियों ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और जांच शुरू की गई.
उन्होंने कहा, “पुलिस टीमों ने पता लगाया कि कॉल अंधेरी एमआईडीसी क्षेत्र से की गई थी, जिसके बाद एमआईडीसी और सहार पुलिस स्टेशनों की टीमों ने गौतम को गिरफ्तार कर लिया.”
अधिकारी ने बताया कि पेशे से दर्जी गौतम को पुलिस थाने लाया गया और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 168 के तहत उसे नोटिस जारी किया गया. उन्होंने कहा कि उसके खिलाफ आगे की निवारक कार्रवाई की जा रही है. अधिकारी ने बताया कि गौतम के खिलाफ आजाद मैदान थाने में गैर संज्ञेय मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



