ऑनलाइन डेस्क/ लिविंग इंडिया न्यूज: फतेहाबाद में इनेलो की युवा विंग की ओर से युवा पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद दुष्यंत चौटाला ने मुख्यातिथि के तौर पर शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और केंद्र की बीजेपी सरकार पर जमकर जुबानी हमला किया। साथ ही पीएम और सीएम को बौखलाहट में बताया। इनेलो सांसद बीजेपी सरकार पर लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए है। सांसद प्रदेश और केंद्र की बीजेपी सरकार पर जुबानी हमला करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ना चाहते। यहीं कारण है कि फतेहाबाद में युवा पंचायत कार्यक्रम में पहुंचे इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला ने सीएम मनोहर लाल पर जुबानी हमला किया। दुष्यंत ने कहा कि मुख्यमंत्री दिन-प्रतिदिन बौखलाए जा रहे है। उनके चेयरमैन सरेआम पैसे लेते हुए पकड़े जाते है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि ठेके पर लगे लोग 50-50 हजार रुपये देकर नौकरी लग रहे है। हरियाणा में लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव कराने की चर्चा को लेकर पूछे सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज चुनाव आयोग जैसे काम कर रहे है और प्रधानमंत्री घबराए हुए है। इससे उम्मीद है कि वो घबराहट में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ करा सकते है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज पर मानहानि का केस करने के बाद सांसद दुष्यंत चौटाला ने बीजेपी सरकार पर हमला तेज कर दिया है। खैर हरियाणा में लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव कराए जाने की चर्चाओं के बीच देखने वाली बात ये होगी कि क्या केंद्र सरकार हरियाणा में दोनों चुनाव एक साथ करा पाएगी?

