ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर अपनी रुस यात्रा से वापिस भारत लौट आए हैं। सीएम मनोहर लाल ने बताया कि रुस और भारत के बीच व्यापार और निवेश को लेकर कई समझौते हुए हैं।
उन्होंने बताया कि रुस के लोग भारत के साथ संबंध बनाने में बेहद उत्सुक हैं।
बीती शाम रुस से भारत लौटे सीएम मनोहर लाल मीडिया से बातचीत कर रहे थे, इस दौरान उन्होंने इस यात्रा को सफल बताया। उन्होंने कहा कि काफी क्षेत्रों में रुस से भारत में निवेश की संभावनाएं बनी हैं और भारत से भी रूस में भी काफी क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं बनी हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार की भी अपार संभावनाएं सामने आई हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि तेल और गैस क्षेत्र में कई समझौता ज्ञापन हुए हैं। शिक्षा, हेल्थकेयर,खनिज पदार्थ, टिंबर व कोयला और कुछ अन्य क्षेत्रों पर चर्चा हुई है। हरियाणा में कृषि आधारित उद्योगों के संदर्भ में भी विशेष रूप से चर्चा की गई।
सीएम ने बताया कि रुस और भारत के बीच विभिन्न क्षेत्रों में कौशलता के आदान-प्रदान की भी काफी संभावनाएं सामने आई हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सितंबर महीने में ईस्टर्न इकाॅनोमिक फोरम में भाग लेने के लिए रूस जाएंगे। प्रधानमंत्री की रुस यात्रा के संदर्भ में केंद्रीय उद्योग और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल दो दिवसीय रूस यात्रा पर गए थे। इस दौरान कई क्षेत्रों में व्यापार और निवेश की संभावनाएं तलाशी गई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 140 उद्यमी भी शामिल थे।




