ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: पंचकूला में मोरनी के एक गेस्ट हाउस में विवाहिता के साथ हुए गैंगरेप मामले में हरियाणा और चंडीगढ़ पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा प्रदान की है। हरियाणा और चंडीगढ़ पुलिस की ओर से दो-दो पुलिस कर्मचारी पीड़िता की सुरक्षा के लिए तैनात किए गए है।
इनमें हरियाणा की ओर से एक महिला और एक पुरुष पुलिस कर्मी और चंडीगढ़ की ओर से भी एक महिला और एक पुरुष पुलिस कर्मी को पीड़िता की सुरक्षा में तैनात किया गया है। मामले की जांच कर रही एसआईटी को एक और सफलता मिली है।
पंचकूला पुलिस ने मोरनी गैंगरेप मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रायपुर रानी से धीरज नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। धीरज की गिरफ्तारी के बाद गिरफ्तार होने वाले आरोपियों की संख्या 10 हो गई है। अभी 30 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी होना बाकी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है।
