‘मजाज़ को मोहब्बत ने ज़िंदगी से रूसवा कर दिया’…

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : लखनऊ की एक कब्र पर लिखा है। लिखा क्या जिंदगी उकेरकर रख दी गई है। ‘अब इसके बाद सुबह है और…

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : लखनऊ की एक कब्र पर लिखा है। लिखा क्या जिंदगी उकेरकर रख दी गई है।

‘अब इसके बाद सुबह है और सुबह-ए-नौ,

मजाज़, हम पर हैं ख़त्म शामे ग़रीबाने लखनऊ।’

दरअसल, यह जिस शख्स की कब्र पर लिखा गया है, उसका नाम था असरार उल हक उर्फ मजाज़ लखनवी। तखल्लुस मजाज़ लिख लिया, जो उनके पुरसुकून जज़्बात में पेशतर होते हैं। शायरी हो या गज़ल, मजाज़ ने ज़िंदगी के तमाम आतिश को शब्दों में ऐसे पिरोया की आज मरके भी वो हममें जिंदा हैं। शायद इस जहान के रहने तक, कयामत आने तक, धरती का सीना चाक होने तक, मजाज़ हमेशा ही हमारे सीने में जिंदा रहेंगे। और मजाज़ कभी भी सिर्फ मोहब्बत के शायर नहीं रहे।

‘हिन्दू चला गया, न मुसलमां चला गया,

इंसां की जुस्तुजू में इक इंसां चला गया।’

मजाज़ जैसे शायरों का दायरा सिमटा नहीं। तंगहाली हो या शराबखोरी, उनका दायरा बढ़ता चला गया। औरतों के लिए आंचल को परचम बनाकर लहराने की वकालत कर डाली तो बेरोजगारों के सीने के अंदर हौले-हौले सुलग रही आग को अपनी शायरी से शोलों में तब्दील करने का हौसला दिखाया। 19 अक्टूबर को मजाज़ की यौम-ए-पैदाइश है, तो बस यादों के गलियारों से, उनसे ही, उनके लिखे को कर्ज मांगकर लाने का हौसला भी मजाज़ लखनवी से ही मिला मुझे।

‘ऐ शौक़-ए-नज़ारा क्या कहिए नज़रों में कोई सूरत ही नहीं

ऐ ज़ौक़-ए-तसव्वुर क्या कीजे हम सूरत-ए-जानां भूल गए।’

अगर आपके लिए मजाज़ अनजाना नाम है तो बता देता हूं कि वह बॉलीवुड के जाने-माने संवाद लेखक और गीतकार जावेद अख्तर के मामा थे। और जनाब मजाज़ को मोहब्बत से कुछ ज्यादा ही लगाव रहा। तमाम ज़िंदगी ठोकरें खाई, दर्द को शायरी में ऐसा उतार दिया कि दुनिया को लगा मजाज़ कितना खुशनसीब है, कितना खुश है कि वह दर्द को भी मोहब्बत के शब्दों से शायरी, गज़ल और नज़्मों में उड़ेलता जा रहा है। आप पढ़कर समझिए मजाज़ की बेचैनी।

‘ये रुपहली छांव, ये आकाश पर तारों का जाल

जैसे सूफ़ी का तसव्वुर, जैसे आशिक़ का ख़याल,

आह, लेकिन कौन समझे, कौन जाने जी का हाल

ऐ ग़म-ए-दिल क्या करूं, ऐ वहशत-ए-दिल क्या करूं।’

यह लाइन्स मजाज़ ने अपनी शानदार नज़्म ‘आवारा’ में लिखी थी, लेकिन आप उस शख्स की बेचैनी समझ सकते हैं, जिसने जवानी की दहलीज पर शराब को अपनी माशूका बना लिया। मजाज़ के साथी कहते थे मजाज़ कभी भी शराब नहीं पीते हैं। मजाज़ जैसे शख्स शराब पी भी नहीं सकते थे। हकीकत में मजाज़ को शराब पी रही थी। शराब के नशे में उनकी बेचैनी और तीव्र होती जा रही थी। मजाज़ तड़पते रहते थे, स्टेज पर हों या लड़कियों के दिलों में, बस तड़प थी उनकी जिंदगी में।

‘इस महफ़िल-ए-कैफ़-ओ-मस्ती में इस अंजुमन-ए-इरफ़ानी में

सब जाम-ब-कफ़ बैठे ही रहे हम पी भी गए छलका भी गए।’

यह मजाज़ ही लिख और कह सकते थे। किसी और के लिए यह मुमकिन नहीं था। मजाज़ के लिए लड़कियां दीवानी थी और मजाज़ शराब की सोहबत से मोहब्बत करते जा रहे थे। लड़कियां उनकी नज़्म के साथ सोती और जागती थीं, लेकिन मजाज़ ताउम्र मोहब्बत के आसरे के लिए भटकते रहे। अभिनेत्री नरगिस जब लखनऊ पहुंची थीं तो मजाज़ का ऑटोग्राफ लिया। उस वक्त नरगिस ने सफेद दुपट्टा ओढ़ रखा था और मजाज़ ने ऑटोग्राफ देते हुए उनकी डायरी में लिखा था,

‘तेरे माथे पे ये आंचल तो बहुत ही ख़ूब है लेकिन,

तू इस आंचल से इक परचम बना लेती तो अच्छा था।’

यह मजाज़ का तरक्कीपसंद नजरिया था, जिसमें मर्द के साथ औरत भी कंधे से कंधे मिलाकर चलती थी। 1911 में फ़ैज़ाबाद के रूदौली में जन्में मजाज़ को पिता चौधरी सिराज़ उल हक ने लॉ पढ़ने के लिए आगरा के सेंट जोंस कॉलेज भेज दिया। आगरा में मजाज़ को फानी, अकबराबादी और जज़्बी की दोस्ती मिल गई। और उनके सीने में दफन शायर का दिल धड़कने लगा। साल 1931 में मजाज़ लखनवी ग्रेजुएशन करने के लिए अलीगढ़ आ गए, क्योंकि उनका यहां आना दुनिया के लिए बेहद जरूरी था।

‘तुम्हीं तो हो जिसे कहती है नाख़ुदा दुनिया

बचा सको तो बचा लो कि डूबता हूं मैं।’

अलीगढ़ में उनका वास्ता चुगताई, अली सरदार ज़ाफ़री, जां निसार अख़्तर, मंटो से हो गया। असरार उल हक का तखल्लुस अब पुख़्ता तौर पर ‘मजाज़’ बन गया और उन्होंने शुरू किया एक शायर का शानदार सफर। अलीगढ़ यूनिवर्सिटी का तराना लिख डाला। और अपनी ज़िंदगी के गमों को भी शब्दों की नेमत बख्शने लगे। साल 1935 में ऑल इंडिया रेडियो में काम करने दिल्ली आए। बस दिलवालों की दिल्ली ने मजाज़ के दिल में इश्क का ऐसा कांटा टांक दिया कि ताउम्र वो इसे निकाल नहीं सके।

‘कुछ तुम्हारी निगाह काफ़िर थी

कुछ मुझे भी ख़राब होना था।’

समझिए मजाज़ के सीने में कितना दर्द था दिल्ली और दिल्ली की अपनी माशूका के लिए। कहते हैं अलीगढ़ यूनिवर्सिटी में इस्मत चुगताई ने एक दफा मजाज़ से कहा था कि ‘लड़कियां आपकी मोहब्बत में गिरफ़्तार हैं।’ मजाज़ ने जबाव दिया था कि ‘मोहब्बत तो लड़कियां उनसे करती हैं, लेकिन शादी दौलतमंदों से कर लेती हैं।’ दरअसल, यह मोहब्बत में लगातार चोट खाए जा रहे मजाज़ की सच्चाई थी, जिसे उनकी मां अच्छी तरह से समझती थी।

‘फिर किसी के सामने चश्म-ए-तमन्ना झुक गई

शौक़ की शोख़ी में रंग-ए-एहतराम आ ही गया।’

मजाज़ के दोस्त शराब छोड़ने की नसीहत देते तो मजाज़ शराब पीने के तरीके गिनाने लग जाते। शराब की खोट और इश़्क की चोट ऐसी की मजाज़ रांची के पागलखाने तक पहुंच गए। इलाज़ कराया, लेकिन कोई डॉक्टर मोहब्बत के मारे दिल का इलाज़ कर ही नहीं सकता। मौत के आगोश में समाते जा रहे मजाज़ ने बहुत कोशिश करके अपनी माशूका शराब से दूरी बना ली। उनका दिल बेतरतीब और बेतहाशा छटपटाता रहता, लेकिन मजाज़ बर्दाश्त की हद तक बर्दाश्त करते जा रहे थे।

‘ये आना कोई आना है कि बस रस्मन चले आए

ये मिलना ख़ाक मिलना है कि दिल से दिल नहीं मिलता।’

दिसंबर 1955 में मजाज़ को दोस्त शराबखोरी के लिए लखनऊ के एक शराबखाने की छत पर लेकर चले गए। दोस्तों के साथ बैठकर मजाज़ ने पीना शुरू कर दिया। दोस्त एक-एक करके उठकर जाने लगे और मजाज़ पीते रहे। जिस्म में घूंट-घूंट दाखिल होती शराब उनको मदहोश करती चली गई। शराब का नशा और रात की ठंड बढ़ती चली गई। मजाज़ अगले दिन का सूरज नहीं देख सके। मजाज़ की माशूका शराब ने बेवफाई नहीं की, उन्हें अपनी आगोश में जन्नत बख्श दी।

‘कमाल-ए-इश्क़ है दीवाना हो गया हूं मैं

ये किसके हाथ से दामन छुड़ा रहा हूं मैं,

तुम्हीं तो हो जिसे कहती है नाख़ुदा दुनिया

बचा सको तो बचा लो, कि डूबता हूं मैं,

ये मेरे इश्क़ मजबूरियां मा’ज़ अल्लाह

तुम्हारा राज़ तुम्हीं से छुपा रहा हूं मैं,

इस इक हिजाब पे सौ बेहिजाबियां सदक़े

जहां से चाहता हूं तुमको देखता हूं मैं,

बनाने वाले वहीं पर बनाते हैं मंज़िल

हज़ार बार जहां से गुज़र चुका हूं मैं,

कभी ये ज़ौम कि तू मुझसे छिप नहीं सकता

कभी ये वहम कि ख़ुद भी छिपा हुआ हूं मैं,

मुझे सुने न कोई मस्त-ए-बाद ए-इशरत

मजाज़ टूटे हुए दिल की इक सदा हूं मैं।’

(असरार उल हक उर्फ मजाज़ लखनवी। जन्म : 19 अक्टूबर 1911, मृत्यु : 5 दिसंबर 1955)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *