बेल्जियम के उत्तरी शहर एंटवर्प में बुधवार एक 10 मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हालांकि प्रशासन ने अभी तक मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या जारी नहीं की है।अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह 9:53 बजे एंटवर्प के लिंकेरोएवर इलाके में स्थित अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और बचाव दल की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि इस इमारत में करीब 200 लोग रहते हैं। आग तेजी से फैलने के कारण पूरे बिल्डिंग को खाली कराया गया । दमकलकर्मियों ने कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि इमारत से काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया। कई लोग धुएं और आग से बचने के लिए बालकनियों में शरण लेने को मजबूर हो गए। प्रशासन ने आसपास के निवासियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए धुएं से बचाव के लिए घरों की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर वेंटिलेशन सिस्टम बंद करने की अपील की है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटनास्थल पर तलाशी, बचाव व राहत कार्य लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों का पता चलेगा ।फिलहाल इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
अन्य ख़बरें जानें-



