पानीपत, 13 अगस्त
पानीपत पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिला पुलिस की साइबर सेल टीम ने 15 लाख रूपए से अधिक कीमत के गुम हुए मोबाइल फोनों को ट्रैस करके बरामद किया।पुलिस अधीक्षक ने जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में मोबाइल मालिकों को उनके फोन सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस का कहना है कि जिन लोगों ने गुम हुए फोनों की शिकायत दर्ज करवाई थी, उनके फोनों को तकनीकी माध्यमों से ट्रेस करने का लगातार प्रयास किया जा रहा था। पुलिस टीम ने 55 गुम मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की। बरामद मोबाइल अलग अलग कंपनी के है, इनमें 5 हजार से लेकर 85 हजार रूपए तक के मोबाइल शामिल है। इनकी कुल कीमत 15 लाख रूपए से अधिक आंकी गई है।
मोबाइल के मालिकों को आज जिला पुलिस के सभागार में बुलाकर उन्हें उनका गुम हुआ मोबाइल फोन सौंप दिए गए है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला पुलिस की साइबर सेल ने जुलाई माह में 12 लाख रूपए कीमत से ज्यादा के 50 गुमशुदा मोबाइल फोन व जून माह में 11 लाख रूपए से अधिक कीमत के 47 मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके मालिकों को सौपें गए थे।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल फोन गुम होने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाएं तथा संबंधित पोर्टल पर जानकारी दें। समय पर शिकायत मिलने से पुलिस को मोबाइल को ट्रेस करने में मदद मिलती है।उन्होंने कहा कि गुम हुआ मोबाइल यदि किसी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति के हाथ लग जाए तो उसका गलत इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसलिए मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देना बेहद जरूरी है। नागरिकों की शिकायतों पर पानीपत पुलिस की साइबर सेल लगातार तकनीकी माध्यमों से गुम मोबाइल फोन को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
अन्य खबरें जानें –


