फरीदाबाद, 22 अक्टूबर
फरीदाबाद के सरूरपुर गांव स्थित नारायण गैस एजेंसी में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयानक थी कि एजेंसी में रखे कई गैस सिलेंडर धमाकों के साथ फट गए। सिलेंडर फटने की तेज आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। हादसे के दौरान अपनी और परिवार की सुरक्षा को देखते हुए आसपास के मकानों में रहने वाले लोग घर छोड़कर बाहर निकल आए।
देखते ही देखते घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की भयावहता और सिलेंडरों में विस्फोट के खतरे के बीच दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। इस दौरान पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।
हादसे में दो लोगों के झुलसे
इस हादसे में दो लोग आग में झुलस गए। हादसे में एजेंसी के दो कर्मचारी अभिषेक और केशव झुलस गए। एक कर्मचारी का हाथ झुलस गया औऱ दूसरे कर्मचारी के शरीर पर जलने के निशान बताए जा रहे हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल गैस एजेंसी में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी और सिलेंडरों में विस्फोट कैसे हुए। हादसे के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर भी लोगों के बीच चिंता बनी हुई है।
अन्य खबरें जानें –
Thieves emboldened in Faridabad: 14 सेकेंड में बुलेट की चोरी, CCTV में कैद पूरी वारदात



