लुधियाना, 1 अगस्त
लुधियाना के मोती नगर थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 100 ग्राम हेरोइन, दो अवैध .32 बोर पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सूत्रों के अनुसार, बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी भूपिंदर सिंह विरक ने बताया कि ASI सेठी कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कैलाश नगर इलाके में एक व्यक्ति किराए के कमरे में हेरोइन छिपाकर ग्राहकों को बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की।रेड के दौरान पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर कमरे से 100 ग्राम हेरोइन, दो अवैध .32 बोर पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कैलाश नगर निवासी बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह में चार से पांच अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हेरोइन और अवैध हथियारों की सप्लाई कहां से हो रही थी और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
अन्य खबरें जानें-



