ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: फरीदाबाद के बड़खल की क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है, जो आम दूसरे अपराधियों से हटकर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए आरोपी रामायण के रावण की तरह वारदात को अंजाम देते थे। जैसे रावण ने सीता को अगवा करने के लिए साधु का भेष बनाया था। उसी अंदाज में ये लुटेरे भी साधु-भिखारी का भेष बनाकर घरों में घुसकर लूटपाट करते थे। इतना ही नहीं लुटेरा गिरोह के सदस्य रावण की तरह से केवल उसी मकान को अपना निशाना बनाते थे, जहां पर कोई महिला अकेली होती थी।
क्राइम ब्रांच बड़खल के प्रभारी अनिल छिल्लर ने बताया कि पाली गांव में 19 जुलाई को तीन महिलाएं और दो आदमी भीख मांगने के बहाने एक मकान में घुस गए। घर में मौजूद महिला के गले पर चाकू रखकर लुटेरों ने वहां रखी नकदी और जेवर लूट लिए। पुलिस ने गिरोह की महिलाओं को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब गिरोह के पुरुष सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को गिरफ्तार किए गए आरोपियों से कई वारदात का खुलासा होने की उम्मीद है।

