ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: सीएम पद को लेकर हरियाणा कांग्रेस में चल रही गुटबाजी अब पहले से ज्यादा हो गई है। अभी तक केवल हुड्डा, तंवर, सैलजा और किरण चौधरी के बीच ये जंग चल रही थी, लेकिन अब इस जंग में पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल का परिवार भी शामिल हो गया है। भजनलाल के छोटे बेटे कुलदीप बिश्नोई भी अब मुख्यमंत्री की रेस में शामिल हो गए है।
पूर्व सीएम भजनलाल की पुत्रवधू और हांसी से विधायक रेणुका बिश्नोई ने उकलाना विधानसभा के कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर जनसभा को भी संबोधित किया। सीएम मनोहर लाल पर निशाना साधते हुए रेणुका ने कहा खट्टर खुद हरियाणा छोड़कर भागना चाहते है, लेकिन अभी कुछ समय बचा हुआ है। रेणुका बिश्नोई ने लोकसभा चुनाव को लेकर हिसार से सांसद के लिए कुलदीप बिश्नोई को उम्मीदवार बताकर वोटों की भी अपील की। इतना ही नहीं इस दौरान रेणुका बिश्नोई ने साफ कर दिया कि आने वाला समय कांग्रेस पार्टी को होगा और हरियाणा के मुख्यमंत्री कुलदीप बिश्नोई बनेंगे।
रेणुका ने कहा कि सीएम पद के लिए कुलदीप की दावेदारी सबसे मजबूत है और ये उनका हक भी बनता है। कांग्रेस वर्किग कमेटी में कुलदीप बिश्नोई के शामिल होने के बाद से ही यह तय हो गया था कि हरियाणा कांग्रेस के लिए आने वाला समय पहले से अधिक जोखिम भरा होगा, क्योंकि सालों तक हरियाणा पर राज करने वाले चौधरी भजनलाल के परिवार के सदस्य भी किसी भी सूरत में सीएम पद से अपनी दावेदारी कम नहीं करेंगे।
खैर ये देखने वाली बात होगी कि विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस हाईकमान किसके सिर पर सीएम का ताज रखेगी? क्या भजनलाल से छीने गए सीएम के पद को कांग्रेस हाईकमान इस बार उनके परिवार को वापस देगी या फिर किसी दूसरे को कांग्रेस सीएम प्रत्याशी घोषित करेगी? खैर इन सब सवालों के जबाव तो विधानसभा चुनाव या फिर उसके बाद ही मिल पाएंगे, लेकिन फिलहाल इतना तय है कि कांग्रेस में कुलदीप बिश्नोई के आने बाद अब नेताओं की आपसी खींचतान जरूर बढ़ने वाली है।