ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: इंटरनेशनल रेसलर दा ग्रेट खली अब हरियाणा में भी रेसलिंग अकेडमी खोलेंगे। यमुनानगर राहगीरी कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे दा ग्रेट खली ने इसकी जानकारी दी। खली ने बताया कि वो कुरुक्षेत्र में एक रेसलिंग अकेडमी खोलने जा रहे है, जिसके लिए उन्होंने जमीन ले ली है। खली ने कहा कि आज युवाओं को संभालने की जरूरत है, कि वो किसी के बहकावे में न आए और नशे से दूर रहे, क्योंकि नशे से केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरा परिवार खत्म हो जाता है।
खली यमुनानगर में राहगीरी कार्यक्रम के लिए आये थे लेकिन भारी बारिश के चलते कार्यक्रम रद्द हो गया। खली ने कहा कि युवाओं को ज्यादा से ज्यादा खेलों में आगे आना चाहिए। आज पंजाब में हम लेट हो गए और वहां युवा नशे के रास्ते पर चलने लगे। हिमाचल में भी नशा है। पूरे भारत में नशा फैल रहा है। खली ने कहा कि यदि खिलाड़ियों के लिए कोई पॉलिसी बनती है तो एक अच्छी प्रक्रिया होती है, क्योंकि पुरस्कार राशि मिलने पर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ता है। आज खेलों में हरियाणा का नाम सबसे आगे है। कोई भी खिलाड़ी हो उसे अगर नौकरी और पैसे मिलते है तो दूसरे भी इससे प्रोत्साहित होते है।
खली ने कहा कि उन्होंने आज तक जो भी किया अपने संघर्ष से किया, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि यदि वो सरकार से किसी मदद के कहेंगे तो वो मना नहीं करेंगे। खैर इस बार तो खली राहगीरी कार्यक्रम में भाग नहीं ले पाए, लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि यमुनानगर के एसपी राजेश कालिया उन्हें दोबारा बुलाएंगे तो वो जरूर आएंगे, क्योंकि कालिया एक अच्छे खिलाड़ी होने के साथ-साथ उनके भाई भी है।


