झज्जर, 15 नवंबर
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के संगठन को मजबूत करने की तैयारियों को लेकर कर्ण चौटाला झज्जर स्थित इनेलो कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती को लेकर और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की।
संगठन को जमीनी स्तर पर करेंगे मजबूत
कर्ण चौटाला ने कहा कि इनेलो का सदस्यता अभियान 15 दिसंबर तक चलेगा। अभियान के तहत गांव-गांव जाकर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत किया जाएगा। कर्ण चौटाला ने कार्यकर्ताओं से सक्रिय रूप से अभियान में जुटने का आह्वान किया। विपक्षी दलों के नेताओं द्वारा की जा रही टिप्पीणियों से जुड़े सवालों पर कर्ण चौटाला ने जवाब देने से मना कर दिया।
विकास और जनहित के मुद्दों पर आगे बढ़ेगी इनेलो
कर्ण चौटाला ने कहा कि आज का युवा जात-पात से ऊपर उठकर प्रदेश और देश के लिए कुछ करने की सोच रखता है। युवाओं की सोच में बदलाव आया है और वे विकास तथा बेहतर भविष्य को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने इनेलो के राजनीतिक भविष्य को उज्ज्वल बताते हुए कहा कि पार्टी प्रदेश के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर आगे बढ़ेगी।
जनता के मुद्दे मजबूती से उठाएगी इनेलो
कर्ण चौटाला ने कहा कि वह प्रदेश और देश के विकास की बात करना चाहते हैं तथा संगठन को मजबूत कर जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जाएगा। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर अपनी बात रखी।
अन्य खबरें जानें –



