Kapurthala Land Dispute:
कपूरथला के गांव खेड़ा दोना में एक ज़मीनी प्लॉट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामला उस समय तूल पकड़ गया जब एक पक्ष अपनी जमीन की चारदीवारी कर रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद कहासुनी झगड़े में बदल गई।
मंदिर के रास्ते को लेकर विवाद
विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर चारदीवारी की जा रही थी, वहां से गांव के मंदिर को जाने वाला रास्ता है। उनका आरोप है कि रास्ता बंद करने की कोशिश की जा रही थी। इसे लेकर उन्होंने आपत्ति जताई।चारदीवारी लगा रहे पक्ष का कहना है कि वे अपनी निजी जमीन पर निर्माण कार्य कर रहे थे। उनका आरोप है कि कुछ लोग बिना वजह काम रुकवाने की कोशिश कर रहे थे, जिसके चलते विवाद बढ़ा।
घायल लोगों के आरोप
झगड़े में घायल हुए लोगों को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों ने आरोप लगाया है कि हमला करने वालों में एक स्थानीय पुलिस अधिकारी का बेटा भी शामिल है। उनका कहना है कि वे केवल मंदिर का रास्ता बंद न करने की अपील कर रहे थे, लेकिन उन पर हमला कर दिया गया। पुलिस ने घायलों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


