जम्मू। पाकिस्तान सीमा पार से लगातार गोलीबारी कर सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। अभी खबर मिली है कि नियंत्रण रेखा पर नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान की तरफ से स्कूलों पर मोर्टार दागे गए हैं। जिसमें करीब 9 स्कूलों के 50 बच्चे फंसे हुए हैं। फिलहाल सेना बख्तरबंद गाड़ियों की मदद से स्कूली बच्चों को बचाने में जुटी है।
बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों ने अभी तक 12 बच्चों को सुरक्षित बचा लिया है। ये बच्चे एलओसी के नजदीक स्थित एक स्कूल से बचाए गए हैं। वहीं बाकी बच्चों को भी सुरक्षित निकाला जा रहा है। अभी भी नौशेरा के शेर मकाड़ी इलाके में बच्चे फंसे हुए हैं।
4 पाकिस्तानी सैनिक हुए थे ढेर
बता दें कल भी पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की गई थी, जिसमें 8 साल की एक बच्ची और भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया था। इसके जवाब में भारतीय सेना ने पीओके में पाकिस्तान के 4 सैनिकों को ढेर कर दिया था।
माना जा रहा है कि पाकिस्तान की यह कारवाई उसी घटना का नतीजा हो सकती है। गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच इस मुद्दे को लेकर डीजीएमओ स्तर की बातचीत भी हुई थी।


