झज्जर, 15 सितंबर
झज्जर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में लूट व चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोबोट निवासी नजफगढ़, दिल्ली तथा तरुण निवासी प्रताप नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपियों ने 31 अगस्त को बहादुरगढ़ में घर से मंदिर जा रही एक महिला से रास्ते में सोने की चेन झपटने की वारदात को अंजाम दिया था।
ACP क्राइम शमशेर सिंह ने लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि CIA -2 बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें बहादुरगढ़ शहर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। उन्होंने बताया कि आरोपी रोबोट के खिलाफ लूट व चेन स्नेचिंग सहित 47 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि आरोपी तरुण के खिलाफ लूट व चेन स्नेचिंग के 27 मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा महिला से छीनी गई सोने की चेन को आरोपियों द्वारा एक फाइनेंसर कंपनी को बेचे जाने के बाद उसकी रसीद भी बरामद की गई है।ACP क्राइम शमशेर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर अन्य वारदातों और आरोपियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
झज्जर पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता है।
अन्य खबरें जानें –
रोपड़-मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर पराली से भरे ट्रेलर को टिपर ने मारी टक्कर, लगा लंबा जाम



