ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: कुरुक्षेत्र में पीलिया थमने का नाम नही ले रहा। अब तक 95 मामले सामने आए है। वहीं पीलिया मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जन स्वास्थ्य विभाग ने चार लोगों के खिलाफ चार्जशीट जारी की है।
वहीं, मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपए आर्थिक सहायता के तौर पर मिलेंगे। सांसद नायब सिंह सैनी ने सेक्टर 3 में मृतकों के परिजनों के साथ दुख साझा किया। इतना ही नहीं उन्होंने शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों को फटकार लगाई और उपायुक्त को जांच के आदेश दिए। सांसद ने अपने सामने पानी का सैम्पल चैक करवाया और दोबारा पाईप लाईन बिछाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के आदेश दिए।
कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि, सेक्टर-3 में पानी के दिक्कत के कारण 3 लोगों की मौत हुई है। यह कुरुक्षेत्र के लिए बहुत बडी घटना है, इस समय सरकार मृतकों के परिजनों के साथ खडी है। इतना ही नहीं सेक्टर 3 में पानी के सप्लाई से सम्बन्धित अन्य कार्यो में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके लिए उपायुक्त को जांच के आदेश दिए है।
वहीं, एचएसवीपी अधिकारियों ने बताया कि, बारिश के पानी की लाइन में कई लोगों ने सीवर के कनेक्शन डाल दिए हैं, जिसके साथ ही पेयजल सप्लाई की लाइन भी है। पानी के कई कनेक्शन बरसाती पानी की लाइन से गुजर रहे हैं जो काफी खस्ताहाल हो चुके थे। इसमें सीवर डालने और खराब पानी के कनेक्शन की वजह से ऐसा हुआ है। एचएसवीपी के एक अधिकारी ने इस मामले में थानेसर नगर परिषद को भी घसीटते हुए कहा कि बारिश के पानी की लाइन की सफाई करना नगर परिषद का काम है, जो पिछले तीन साल से हुआ ही नहीं।



