न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : गुजरात के सूरत में रहने वाले दिगंबर जैन मुनि आचार्य शांतिसागर महाराज को शनिवार की शाम एक छात्रा से रेप करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। जैन मुनि पर भगवान महावीर के नानपुरा स्थित दिगंबर जैन मंदिर में आशीर्वाद लेने पहुंची 19 साल की एक छात्रा से रेप करने का आरोप है। छात्रा की शिकायत पर 45 साल के शांतिसागर महाराज पर सूरत के अठवा थाने में रेप का मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरी तरफ छात्रा मे मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि हो चुकी है।
वहीं जैन मुनि को गिरफ्तार करने के बाद बड़ी संख्या में लोग कमिश्नर के ऑफिस में पहुंच गए और छात्रा पर झूठा आरोप लगाने की बात कहने लगे। लोगों ने कहा कि छात्रा महाराज पर झूठा आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने की साजिश कर रही है। वहीं पुलिस ने छापेमारी करके आरोपी शांतिसागर को मंदिर से गिरफ्तार कर लिया। दर्ज मामले में छात्रा ने बताया कि वह मध्य प्रदेश की रहने वाली है और फिलहाल वडोदरा के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। एक अक्टूबर को वो जैन मुनि के पास आशीर्वाद लेने आई थी, इसी दौरान रेप किया गया।
छात्रा ने दर्ज मामले में जिक्र किया है कि मुनि ने उसे बताया कि मंत्र जाप करने के लिए रातभर मंदिर में ही रूकना होगा। जब रात को वह यहां ठहर गई तो जैन मुनि कमरे में आए और उसके साथ रेप किया। इसके बाद धमकी दिया कि किसी को कुछ भी बताया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने छात्रा की मेडिकल जांच कराई। मेडिकल जांच में छात्रा के साथ रेप की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने आरोप जैन मुनि को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
