ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : मराठी की सुपरहिट फिल्म ‘सैराट’ की हिन्दी रीमेक ‘धड़क’ का फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है। फिल्म से ईशान खट्टर और जाह्नवी कपूर डेब्यू कर रहे हैं। शनिवार को करण जौहर ने ट्वीटर पर फिल्म के पोस्टर को जारी किया। साथ ही फिल्म रिलीज की डेट 20 जुलाई बताई है। फिल्म में ईशान और जाह्नवी की रोमांटिक केमेस्ट्री दिखाने की बात कही जा रही है।
https://twitter.com/karanjohar/status/954593040093495296
फिल्म को लेकर दोनों एक्टर काफी उत्साहित हैं। ‘धड़क’ की कहानी दोनों के बीच प्यार और फिर उनके खत्म हुए रिश्ते पर आधारित होगी। ईशान खट्टर साल 2005 में आई फिल्म ‘वाह! लाइफ हो तो ऐसी‘ में बाल कलाकार के रूप में भी काम कर चुके हैं। जबकि जाह्नवी की यह डेब्यू मूवी होगी। धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही इस फिल्म की शूटिंग राजस्थान के कई लोकेशन्स पर की गई है।
‘धड़क’ का निर्देशन शशांक खेतान कर रहे हैं। फिल्म से जुड़े सभी लोग काफी उत्साहित हैं। पोस्टर देखकर ईशान और जाह्नवी के बीच की केमेस्ट्री को देखा जा सकता है। वहीं पोस्टर में फिल्म के नाम के आखिरी अक्षरों पर खून के धब्बे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म का ट्रीटमेंट ट्रेजडी के साथ होगा। बता दें कि मराठी फिल्म ‘सैराट’ सुपरहिट हुई थी और कई अवॉर्ड भी जीते थे।
