हांसी , 28 अगस्त
इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला हांसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संगठन विस्तार, आगामी सम्मान दिवस, विधानसभा में विपक्ष की भूमिका और प्रदेश के विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार व कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
अभय चौटाला ने कहा कि अब तक पार्टी प्रदेश के 50 विधानसभा क्षेत्रों को कवर कर चुकी है और करीब 40 विधानसभा क्षेत्र शेष हैं। उन्होंने कहा कि 9 सितंबर तक पूरे हरियाणा का दौरा पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा काले कपड़े पहनकर पहुंचने के सवाल पर अभय चौटाला ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता की आवाज उठाना और सरकार की गलत नीतियों व फैसलों को सदन में मजबूती से उठाना है।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सदन में शोर-शराबा करने के बाद वॉकआउट कर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करती है।
अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो के दो विधायक हैं और दोनों सदन की कार्यवाही समाप्त होने तक मजबूती से अपनी बात रखते हैं। उन्होंने दावा किया कि आज भी इनेलो ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा और मुख्यमंत्री से जवाब मांगा, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
अभय चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर विधानसभा परिसर में पुलिसकर्मियों के साथ कथित धक्का-मुक्की और कोहनी मारने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि किसी वस्तु को सदन में ले जाने पर प्रतिबंध है तो उसे रोकना पुलिस का काम है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को उकसाकर माहौल खराब करने का प्रयास नहीं होना चाहिए।
अन्य खबरें जानें –



