न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : कहा जाता है चोर चोरी से जाता है, लेकिन हेरा-फेरी से नहीं। ऐसा ही एक मामला दिल्ली में सामने आया है और जब आरोपी को पुलिस ने पकड़ा तो यकीन नहीं हुआ कि वह मशहूर सेलिब्रेटी है। दरअसल, पुलिस ने जिसे गिरफ्तार किया है वह छोटे परदे पर आने वाले रियलियी शो ‘इंडियन आइडल’ में भाग ले चुका है। इसके साथ ही वह ताइक्वांडो में दो बार नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट रह चुका है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस को समझ नहीं आ रहा कि आखिर क्या वजह रही कि मशहूर कलाकार और खिलाड़ी आपराधिक वारदातों में शामिल हो सकता है।
हालांकि, पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार शख्स का नाम सूरज उर्फ सूरज फाइटर है। उसकी गंदी आदतों ने उसे सुपर चोर बना दिया। पुलिस ने लूट के एक मामले में दोस्त के साथ उसे गिरफ्तार किया था। आरोपी सूरज फर्राटे से अंग्रेजी बोलता है। शुरू में पुलिस को यकीन नहीं हुआ कि सूरज चोरी जैसी घटनाओं में शामिल हो सकता है। लेकिन पूछताछ में उसने पुलिस के सामने ऐसे-ऐसे खुलासे किए, जिससे साबित हो गया कि उसके इरादे काफी खौफनाक थे। पुलिस सूरज और उसके साथ गिरफ्तार किए गए शख्स से गहराई से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि सूरज पर दिल्ली में लूट और चोरी के दो दर्जन मामले दर्ज हैं। वह मुंबई का रहने वाला है। सूरज के पिता मुंबई हाईकोर्ट में वकील हैं, लेकिन महंगे शौक और आलीशान जिंदगी गुजारने के चक्कर में वह अपराध के दलदल में फंसता चला गया। हालात यह थे कि सूरज की हरकतों से परिवार वाले भी काफी परेशान रहते थे। इसके चलते उसे घर से निकाल दिया गया था। हैरानी की बात यह है कि वह 14 दिन पहले ही जेल से छूटा था। और रिहा होते ही आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने लगा। लेकिन पुलिस ने उसे फिर से गिरफ्तार करके सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
