ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: महम के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने राज्य के गृहमंत्री अनिल विज से मुलाकात कर हरियाणा के पूर्व सहकारिता राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर के खिलाफ कई घोटालों के दस्तावेज सौंपे। ये दस्तावेज सौंपने के बाद उन्होंने कहा कि वे अपने खिलाफ दर्ज हुई FIR से डरने वाले नहीं हैं । यह धर्म युद्ध है और उनको पूरा भरोसा है कि आखिर में जीत सत्य की ही होगी। गृह मंत्री विज से मुलाकात करके विधायक कुंडू ने उनको यूएलबी घोटाले के अलावा शुगर मिलों के शीरे में हुई धांधली, कैथल मिल के चिप घोटाले तथा पानीपत डिस्टलरी जैसे कई अन्य घोटालों की जांच कराने को कहा।
27 करोड़ रुपये का एसटीपी प्लांट लगाया
महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गृह मंत्री अनिल विज को शिकायत सौंपी है। कुंडू ने इस बार विज को साक्ष्य भी सौंपे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि अब तक उन्हें जो साक्ष्य मिले हैं उसमें तत्कालीन मंत्री ने तीन गुना पैसों पर एसटीपी प्लांट लगाकर घोटाला किया है।
कुंडू ने आरोप लगाया कि करनाल की जिस एजेंसी ने एक जिले में 27 करोड़ रुपये का एसटीपी प्लांट लगाया था। उसी कंपनी का रोहतक और सोनीपत में एसटीपी प्लांट लगाने के लिए 72 करोड़ रुपये का टेंडर किया गया। कुंडू ने कहा कि उन्होंने सरकार को बिना शर्त समर्थन दिया है और जनता का प्रतिनिधि होने के नाते उनकी जिम्मेदारी है कि जो भी घोटाले हुए हैं। उसकी जांच कराई जाए। कुंडू ने कहा कि निकाय मंत्री अनिल विज को जो शिकायत दी है उसमें पूरे कागजात और साक्ष्य हैं।
मामलों की जांच कराएंगे
बलराज कुंडू की शिकायत पर अनिल विज ने आश्वासन दिया है कि किसी भी किस्म के करप्शन को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा फिर चाहे आरोपी कोई पूर्व मंत्री ही क्यों ना हो. उन्होंने कहा कि वे मामलों की जांच कराएंगे और कानून सम्मत कार्यवाही की जाएगी। विधायक बलराज कुंडू ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है बल्कि उनकी लड़ाई करप्शन के खिलाफ है और उन्हें आखरी सांस तक इस लड़ाई को लड़ेंगे। कुंडू ने कहा कि अगले सप्ताह मैं गृह विभाग से संबंधित शिकायत दूंगा जिसमें कई तरह की खामियां सामने आएंगी। फिलहाल लगता नहीं की रोहतक के दो बड़े नेताओं के बीच शुरू हुई यह लड़ाई फिलहाल रुकेगी. लिविंग इंडिया न्यूज़ हरियाणा के लिए आदित्य चौधरी की रिपोर्ट



