करनाल, 14 अगस्त
करनाल में बसताड़ा के पास GT रोड पर बुधवार रात हुई 30 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, लूट की साजिश किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि पीड़ित के ही एक दोस्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी।
पहले आरोपी ने पीड़ित की रेकी की और उसकी लोकेशन अपने साथियों तक पहुंचाई। इसके बाद आरोपियों ने बसताड़ा हाईवे पर गाड़ी रुकवाकर पिस्टल के बल पर 30 लाख रुपये लूट लिए। घटना बुधवार रात करीब साढ़े 9 बजे की है। पीड़ित अपनी कार से दिल्ली की तरफ से आ रहा था और बसताड़ा अड्डे के पास पुल के नीचे रुका था।
इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार 3 युवक वहां पहुंचे। एक आरोपी कार के पास आया और पिस्टल दिखाकर रुपये मांगे। विरोध करने पर पीड़ित के साथ मारपीट की गई और कार में रखा रुपयों से भरा बैग लेकर आरोपी फरार हो गए। बैग में करीब 30 लाख रुपये होने की बात सामने आई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने जब पीड़ित से पूछताछ की तो लूट की पूरी साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित के दोस्त ने ही अपने तीन साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। आरोपी ने पहले पीड़ित की लोकेशन शेयर की और उसके साथी लगातार उसका पीछा करते रहे।
बसताड़ा हाईवे पर मौका मिलते ही गाड़ी रुकवाकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपियों को आगामी कार्रवाई के तहत कोर्ट में पेश किया जाएगा और रिमांड हासिल कर लूट की रकम, वारदात में इस्तेमाल गाड़ी और हथियार की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।
अन्य खबरें जानें –



