रेवाडी, 29 अक्टूबर
भाजपा नेता जेपी दलाल ने कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। जेपी दलाल ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहती है, लेकिन जनता को गुमराह करने में कामयाब नहीं होगी।
बैलेट पेपर से भी हारी कांग्रेस, फिर EVM पर सवाल क्यों ?
जेपी दलाल ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे अचानक विदेश चले जाते हैं और वहां से प्रशिक्षण लेकर भारत लौटने के बाद देश में अराजकता फैलाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर लगाए जा रहे आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि हाल ही में बैलेट पेपर से हुए चुनाव में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। उनके अनुसार, कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है।
कांग्रेस पार्टी लोगों में फैला रही भ्रम
जेपी दलाल ने कहा कि कांग्रेस बार-बार बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे देशों में सत्ता परिवर्तन के उदाहरण देकर लोगों के मन में भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रही है। भारत में ऐसा नहीं होने दिया जाएगा, क्योंकि भारतीय लोकतंत्र दुनिया के सबसे मजबूत लोकतंत्रों में शामिल है और इसकी मिसाल दी जाती है।
वोट चोरी का आरोप लगाकर अस्थिरता फैला रही है कांग्रेस
जेपी दलाल ने कहा कि कांग्रेस झूठ की राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि लगातार चुनावी हार से कांग्रेस हताश हो गई है और अगले 20 से 30 वर्षों तक उसके सत्ता में आने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में वोट चोरी का आरोप लगाने वाली कांग्रेस यदि अपने 37 विधायकों और पांच सांसदों से इस्तीफा दिलाकर दोबारा चुनाव लड़ती है तो उसे अपनी वास्तविक स्थिति का पता चल जाएगा। जेपी दलाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाकर देश में अस्थिरता पैदा करने और सत्ता परिवर्तन का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। दलाल ने कहा कि देश की जनता ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देगी।
कांग्रेस झूठ न फैलाए
जेपी दलाल ने कहा कि देश में अब तक 12 बार चुनावों में मतपत्रों का इस्तेमाल किया जा चुका है। उनके अनुसार, इनमें 10 बार कांग्रेस और दो बार भाजपा के शासनकाल में ऐसा हुआ। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाने से पहले राजनीतिक दलों को तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के माध्यम से लोगों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने की बात कही।
अन्य खबरें जानें-



