Rewari में 27 साल के युवक ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट में खुद को बताया जिम्मेदार

रेवाड़ी, 17 नवंबर रेवाड़ी में  माता चौक के समीप किराए के मकान में रह रहे उत्तर प्रदेश के एक 27 वर्षीय युवक ने पंखे से…

रेवाड़ी

रेवाड़ी, 17 नवंबर

रेवाड़ी में  माता चौक के समीप किराए के मकान में रह रहे उत्तर प्रदेश के एक 27 वर्षीय युवक ने पंखे से चादर का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव उग्राऊ निवासी रोहित उर्फ दीपक के रूप में हुई है।आत्महत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस को मृतक के पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

10 साल से रेवाड़ी में रह रहा था रोहित

मिली जानकारी के अनुसार रोहित पिछले करीब 10 वर्षों से रेवाड़ी में रह रहा था। पिछले पांच  सालों से वह बस स्टैंड के पास स्थित द मोबाइल स्टोर पर मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 9 बजे वह दुकान से अपने कमरे पर आया था। इसके बाद वह दुकान पर नहीं पहुंचा और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था।

कमरे में पंखे से लटका मिला रोहित

सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दुकान मालिक ने एक कर्मचारी को रोहित के कमरे पर भेजा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसके अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और मकान मालिक को बुलाया। साथियों ने ऊपर चढ़कर देखा तो रोहित कमरे में पंखे से चादर के सहारे लटका हुआ मिला। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई।

सुसाइड नोट में खुद को बताया जिम्मेदार

मौके पर पहुंची जगन गेट चौकी पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया और जांच शुरू की। कमरे से मिले सुसाइड नोट में युवक ने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। साथ ही परिवार के मोबाइल नंबर लिखते हुए अपनी पार्थिव देह परिजनों को सौंपने की बात कही है। बताया जा रहा है कि रोहित अपने परिवार में सबसे बड़ा था और उसके दो छोटे भाई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अन्य खबरें जानें –

Major action by ACB in Bhiwani : 2200 रुपये की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *