इंग्लैंड में भारतीय दूतावास पर हमला करने वालों की पहचान: 19 खालिस्तानी समर्थकों की लिस्ट तैयार

International News: भारत सरकार ने विदेश में बैठे देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने वाले खालिस्तानी समर्थकों पर शिकंजा कसने की पूरी तैयारी कर ली…

International News: भारत सरकार ने विदेश में बैठे देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने वाले खालिस्तानी समर्थकों पर शिकंजा कसने की पूरी तैयारी कर ली है. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा  इंग्लैंड में भारतीय दूतावास पर हमला करने वाले 19 खालिस्तानियों की पहचान कर ली गई  है.19 मार्च को इंग्लैंड में 45 खालिस्तान समर्थकों ने भारतीय दूतावास पर हमला किया था.

बता दें राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में भारतीय दूतावास को टारगेट करने वाले 4 खालिस्तानी समर्थकों की भी पहचान की है. NIA ने इन सभी पहचान में आए खालिस्तानियों का इमिग्रेशन विभाग से लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करवाने की कवायद शुरू कर दी है.

 कनाडा जाएगी NIA की टीम
कनाडा में लगातार खालिस्तानियों की भारत विरोधी गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं. यहां पर खालिस्तानी समर्थक बार-बार भारतीय दूतावास के अधिकारियों को आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के लिए दोषी करार देते हुए उनके पोस्टर जारी कर रहे हैं.यहां तक कि बौखलाहट में भारतीय दूतावास पर हमला भी किया था. इन सभी खालिस्तानी गतिविधियों की जांच के लिए NIA की टीम अगले महीने कनाडा जाएगी.

इससे पहले NIA की टीम इंग्लैंड और अमेरिका में भारतीय दूतावासों पर हुए हमलों की जांच के लिए गई थी.वहां पर हमला करने वाले खालिस्तान समर्थकों की पहचान के बाद अब कनाडा में हमला बोलने वाले खालिस्तान समर्थकों की पहचान करेगी. इनकी भी पहचान होने के बाद इमिग्रेशन विभाग से NIA लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करवाएगी.

 NIA ने पहचान के लिए जारी की 5 वीडियो
इंग्लैंड में भारतीय दूतावास पर हमले के बाद NIA ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश पर UAPA (Unlawful Activities Prevention Act) के तहत केस दर्ज किया था. इसके बाद NIA की टीम इंग्लैंड में जांच के लिए और सबूत जुटाने के लिए गई थी. वहां से लौटने के बाद NIA ने भारतीय दूतावास हमले की 5 वीडियो हमलावरों की पहचान के लिए जारी की थी.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *