हिसार में पत्नी की हत्या कर 4 महीने से फरार 50 हजार का इनामी पति गिरफ्तार, प्रेस से किए थे वार

हिसार, 27 अगस्त हिसार पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन, IPS के निर्देशानुसार थाना सिविल लाइन क्षेत्र में घरेलू कलह के चलते महिला की हत्या करने के…

हिसार

हिसार, 27 अगस्त

हिसार पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन, IPS के निर्देशानुसार थाना सिविल लाइन क्षेत्र में घरेलू कलह के चलते महिला की हत्या करने के मामले में करीब चार माह से फरार चल रहे 50,000 रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर रेवाड़ी, चंडीगढ़, अमृतसर, दिल्ली, उज्जैन, हरिद्वार, मथुरा, अयोध्या सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर ठिकाने बदल-बदलकर रह रहा था।

DSP क्राइम व DSP अग्रोहा के नेतृत्व में गठित विभिन्न पुलिस टीमों द्वारा आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक हिसार द्वारा 7 विशेष टीमों का गठन किया गया था तथा उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता सौरभ ने बताया कि उसकी बहन सोनिया की वर्ष 2016 में सौरभ आनंद पुत्र तुलसीदास निवासी सेक्टर-13, हिसार के साथ शादी हुई थी। शिकायत के अनुसार शादी के कुछ समय बाद से ही आरोपी पति द्वारा सोनिया को घरेलू कलह के चलते परेशान किया जाता था। परिवार द्वारा कई बार दोनों के बीच समझौता करवाने का प्रयास किया गया।शिकायत के अनुसार करीब तीन माह पहले भी आरोपी ने सोनिया का गला दबाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया था।

दिनांक 30 अप्रैल 2026 को आरोपी के घर से चले जाने पर सोनिया द्वारा थाना सिविल लाइन में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी गई थी। उसी दिन शाम को आरोपी वापस घर आ गया था।दिनांक 1 मई 2026 को शिकायतकर्ता अपनी बहन के घर पहुंचा तो उसकी बहन सोनिया घर के अंदर मृत अवस्था में मिली। मौके पर खून से सनी प्रेस पड़ी हुई थी तथा शरीर पर चोट के निशान पाए गए।शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि घरेलू विवाद के चलते उसके जीजा सौरभ आनंद ने सोनिया की हत्या की है।

भेष बदलकर धार्मिक स्थलों पर छिपता रहा आरोपी

वारदात के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। आरोपी ने रेवाड़ी, चंडीगढ़, अमृतसर, दिल्ली के गुरुद्वारा श्री शीशगंज साहिब व श्री बंगला साहिब, उज्जैन, हरिद्वार, मथुरा, अयोध्या सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर अपनी पहचान छिपाकर और भेष बदलकर रहकर पुलिस से बचने का प्रयास किया।पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देती रहीं और तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर उसकी तलाश जारी रखी गई।

कैमरा मैन की सतर्कता से आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा

दिनांक 26 अगस्त 2026 को आरोपी भेष बदलकर हिसार में एक चाय की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान वहां पहुंचे एक कैमरा मैन ने आरोपी को पहचान लिया। कैमरा मैन पहले आरोपी के संपर्क में रहा था, इसलिए उसने आरोपी को उसके नाम से बुलाया। आरोपी पहचान उजागर होने पर वहां से मॉडल टाउन की तरफ भागने लगा।कैमरा मैन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन प्रभारी PSI कर्मजीत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को काबू कर लिया।

पुलिस रिमांड पर होगी गहनता से पूछताछ                  

गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी तथा मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता सहित वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी। हिसार पुलिस गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों को किसी भी सूरत में कानून के शिकंजे से बचने नहीं देगी। अपराध के बाद पहचान छिपाकर अथवा स्थान बदलकर फरारी काट रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।

अन्य खबरें जानें –

कपूरथला में चोरों के हौंसले बुंलंद,गांव के ट्रांसफॉर्मर से तेल किया चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *