Hoshiarpur Income Tax Raid:
होशियारपुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के जोधामल रोड स्थित आवास पर आयकर विभाग की कार्रवाई समाप्त हो गई है। आयकर विभाग की यह कार्रवाई 28 जनवरी को सुबह साढ़े छह बजे शुरू हुई थी। यह रेड तीन दिनों तक चली। करीब 62 घंटे तक चली इस जांच के दौरान विभाग की टीम ने दस्तावेजों की जांच की और पूछताछ की।
कार्रवाई के दौरान किसी को भी आवास में आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई। टीम ने चंडीगढ़-मोहाली की एक कंपनी और विभिन्न संपत्तियों से जुड़े सवाल पूछे। इस कंपनी से संबंधित कार्यालयों और कुछ अन्य व्यक्तियों के घरों पर पहले भी छापेमारी हो चुकी है। सूत्रों की मानें तो, देर रात करीब 12 बजकर 15 मिनट पर चार गाड़ियां अरोड़ा के आवास के भीतर गईं। इसमें दस्तावेज भरकर ले जाए गए। इसके बाद जांच एजेंसियों के अधिकारी आवास से बाहर निकले और कार्रवाई समाप्त कर दी गई।



