राजस्थान 1 जुलाई
राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर वीरवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस की ट्रक से टक्कर होने के बाद उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग का गोला बन गई। इस हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई,जबकि 24 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।मिली जानकारी के अनुसार ,यह हादसा रात करीब 2.30 बजे हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद बस में आग तेजी से फैल गई, जिससे अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रियों को बचाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि बस करीब एक घंटे तक जलती रही। हादसे में कई बच्चे भी घायल हुए हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बस में मौजूद यात्रियों ने बताया कि बस का इमरजेंसी गेट नहीं खुला जिससे यात्रियों को बाहर निकलने में कठिनाई हुई। यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि बस की डिक्की में सिगरेट के पैकेट रखे हुए थे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई इस दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुई एक भीषण सड़क हादसे पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दुख जताया। उन्होंने लिखा कि दौसा जिले में दिल्ली -मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु होने का समाचार बेहद दुखद है। इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
अन्य ख़बरें जानें-





