ऑनलाइन डेस्क/ लिविंग इंडिया: रेवाड़ी जिले में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को युवती से प्यार करने की ऐसी खौफनाक सजा मिली, जिसे जानकर आपकी रूह कांप जाएगी।
जी हां, गुस्से में अंधे होकर लड़की के पिता और भाई इस कदर हैवानियत पर उतर आए कि उन्होंने युवक को पहले चाकू से गोदा। फिर भी सांसे न थमी तो पत्थर से कुचलकर निर्ममता से हत्या कर डाली। साथ ही आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार भी हो गए।
मानवता को शर्मसार करने वाला यह मामला जिले के इंदिरा कॉलोनी का है। यहां जितेंद्र नाम के युवक ने पड़ोस में रहने वाली युवती से प्रेम विवाह कर लिया। लेकिन लड़की के घरवालों को यह विवाह रास न आया। इसके बाद लड़की के पिता और भाई ने बीती रात युवक पर पहले धारदार हथियार से हमला किया और फिर उसे पत्थर से कुचल डाला। वहीं मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि, उसके भाई और पिता ने पांच लोगों के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया।
हैरानी की बात तो यह है कि, युवक की सरेआम हत्या की गई, लेकिन लोग मूकदर्शक बनकर खड़े रहे और उसकी मौत का तमाशा दखते रहे। लेकिन किसी के हाथ उसे बचाने के लिए आगे न बढ़े और न ही वारदात के समय किसी का कलेजा पसीजा।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हैं और उनके घर पर भी कोई मौजूद नहीं हैं। वहीं युवक की मौत के बाद उसके घर में मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिजन लगातार आरोपियों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया है।


