न्यूज़ डेस्क/लिविंग इंडिया : बलात्कार के आरोप में डेरा सच्चा सौदा मुखी गुरमीत राम रहीम जेल में बंद है तो दूसरी तरफ बाबा की कथित बेटी हनीप्रीत 6 दिनों की पुलिस रिमांड पर। अब पंचकूला पुलिस ने हनीप्रीत से जुड़ा सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस का कहना है कि हनीप्रीत ने पंचकूला हिंसा का सारा प्लान बनाया था और इसके लिए उसने ना सिर्फ रुपये जुटाए थे बल्कि उसको वितरित करने का सारा जिम्मा भी संभाला था। 
सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि हनीप्रीत ने 25 अगस्त को पंचकूला में हिंसा फैलाने के लिए 1.25 करोड़ रुपये बांटे थे। पुलिस के पास इसका पुख्ता सबूत भी मौजूद है और 1.25 करोड़ में 24 लाख रुपये भी बरामद कर लिया गया है। कोशिश थी कि सिरसा से पंचकूला की विशेष CBI कोर्ट तक हिंसा भड़काने का काम किया जाए। पुलिस ने दावा किया है कि राम रहीम के परिवार वाले भी हनीप्रीत के रहम पर रहते थे। 
हनीप्रीत ने 25 अगस्त को सुनवाई के पहले 17 अगस्त को डेरा समर्थकों के साथ बैठक करके सारा प्लान बनाया था। इस दौरान इसका भी निर्देश दिया गया था कि अगर कोर्ट बाबा को दोषी ठहराती है तो डेरा मुखी को वहां से लेकर भाग लिया जाए। लेकिन हनीप्रीत और डेरा के गुंडों का प्लान पूरा नहीं हो सका। पुलिस जिस तरह के दावे करती दिख रही है, उससे साफ़ है आने वाले दिनों में हनीप्रीत की मुश्किलें घटने के बजाय बढ़ती जाएगी। 
