ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया : साध्वियों से दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद गुरमीत राम रहीम और उसकी कथित बेटी हनीप्रीत के रिश्तों पर कई सवाल उठते रहे हैं। फिलहाल हनीप्रीत देशद्रोह के आरोप में अंबाला जेल में बंद है। अब हनीप्रीत के राम रहीम के साथ रिश्तों को लेकर उसकी मां आशा तनेजा सामने आई है। आशा ने राखी सावंत पर हनीप्रीत और राम रहीम के रिश्तों पर दिए गए बयान को लेकर पांच करोड़ रूपये के मानहानि का नोटिस भेजा है।
दरअसल, बलात्कार के आरोप में राम रहीम को जेल भेजे जाने के बाद राखी सावंत मीडिया के सामने आई थी। इस दौरान उन्होंने राम रहीम और हनीप्रीत के रिश्तों को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए थे। इसी से आहत होकर हनीप्रीत की मां आशा तनेजा ने राखी सावंत को नोटिस भेजकर 30 दिनों के अंदर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है। आशा का साफ कहना है कि राम रहीम और हनीप्रीत पर लगाए गए राखी सावंत के सारे आरोप बेबुनियाद हैं।
उन्होंने कहा है कि राम रहीम का हनीप्रीत से पिता-पुत्री का रिश्ता था, लेकिन राखी सावंत ने इस पवित्र रिश्ते को गलत बता दिया था। राखी सावंत ने सुर्खियां बटोरने के लिए एक पिता-पुत्री के रिश्ते को बदनाम करने की कोशिश की है। आशा तनेजा के वकील मोमिन मलिक ने नोटिस भेजे जाने की पुष्टि करते हुए कहा है कि अगर राखी सावंत ने 30 दिनों के अंदर हर्जाना देने के साथ ही माफी नहीं मांगी तो उनके खिलाफ न्यायालय में मामला दर्ज कराया जाएगा।
दूसरी तरफ आशा तनेजा का कहना है कि बॉलीवुड में खास मुकाम नहीं बना सकीं राखी सावंत आइटम सांग्स तक ही सिमट कर रह गई हैं। वो जाने-अनजाने में ऐसे बयान देती रहती हैं जिससे ना चाहते हुए भी दूसरों को ठेस लगता है। बता दें कि राखी ने कहा था कि वो राम रहीम और हनीप्रीत को साढ़े तीन सालों से जानती थीं। उसने हनीप्रीत को एक्टिंग और मेकअप के गुर सिखाए थे। वो बराबर सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा का आश्रम भी जाती थी।

