दिल्ली, 14 सितंबर
आज 14 सितंबर को देशभर में हिंदी दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन हिंदी भाषा के महत्व को याद करने का दिन होता है।हिंदी दिवस का संबंध भारतीय संविधान से जुड़ा है। इसी दिन यानि कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। इसलिए हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। देश में पहला आधिकारिक हिंदी दिवस समारोह 14 सितंबर 1953 को आयोजित किया गया था। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 343(1) के अनुसार संघ की राजभाषा हिंदी और उसकी लिपि देवनागरी है। हालांकि हिंदी भाषा को संविधान ने भारत की राष्ट्रभाषा का दर्जा नहीं दिया है।
मुंबई में छठा अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन
हिंदी दिवस 2026 के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज नवी मुंबई में आयोजित हिंदी दिवस समारोह और छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में शामिल होंगे। दो दिवसीय यह सम्मेलन 14 और 15 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है।सम्मेलन में हिंदी भाषा के विद्वान, साहित्यकार, शिक्षाविद, सांसद, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियां हिस्सा लेंगी।
हिंदी दिवस सिर्फ एक भाषा को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि भारतीय साहित्य, संस्कृति और भाषाई विविधता से जुड़ने का दिन भी है। बदलते दौर में अंग्रेजी के बढ़ते प्रभाव के बीच हिंदी समेत सभी भारतीय भाषाओं के संरक्षण, संवर्धन और सम्मान पर जोर देना इस दिन के महत्व को और बढ़ाता है।
अन्य खबरें जानें –


