Himachal Weather Update:
हिमाचल में मौसम ने करवट बदल ली है। पर्यटन क्षेत्र मनाली और लाहुल के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह से हिमपात हो रहा है, जबकि मनाली घाटी में बारिश का क्रम जारी है। अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर भी हिमपात देखने को मिला। सुबह ही मनाली से अटल टनल की ओर गए पर्यटकों को मार्च में बर्फबारी का आनंद मिल गया।
लाहुल व मनाली में कड़ाके की ठंड
पड़ोसी राज्यों में जहां तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। ताजा बर्फबारी के बाद एक बार फिर से लाहुल व मनाली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम के मिजाज से पर्यटकों सहित किसान बागवान भी खुश हैं। पर्यटन कारोबारियों सहित किसानों व बागवानों को लंबे समय से हिमपात का इंतजार था।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 17 मार्च तक
पांच जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और मंडी में बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार के कई हिस्सों में वीरवार को तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 17 मार्च तक प्रदेश के कई भागों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
रोहतांग, कुंजम, बारालाचा व शिंकुला दर्रे पर भारी हिमपात
दूसरी ओर रोहतांग, कुंजम, बारालाचा व शिंकुला दर्रे पर भारी हिमपात हो रहा है। शिंकुला दर्रे में हिमपात होने के कारण जंस्कार मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। बर्फ के फाहों का आनंद लेने पर्यटक सुबह से ही अटल टनल रोहतांग व सिस्सु पहुंचे हुए हैं। आसमान से गिर रहे बर्फ के फाहों का पर्यटक खूब आनंद ले रहे हैं। पर्यटक इन खूबसूरत पर्यटन स्थलों को कैमरे में कैद कर रहे हैं। साथ ही फोटोग्राफी का भी आनंद ले रहे है।
अन्य ख़बरें जानें-
Jalandhar Gas Crices: जालंधर प्रशासनिक ने कहा- शहर में पैट्रोल, डीजल और एल.पी.जी. की कोई कमी नहीं
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



