Barwala Valentine’s Day:
हरियाणा के बरवाला क्षेत्र में प्रेमी युगल ने वैलेंटाइन-डे के दिन जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद 17 वर्षीय किशोरी तथा 19 वर्षीय युवक खेतों में नहर के पास अचेत अवस्था में मिले। दोनों को गंभीर अवस्था में महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में भर्ती कराया गया है।
प्रेम प्रसंग के करनी थी शादी-
बताया जा रहा है कि युवक अपने पड़ोस के गांव के स्कूल में पढ़ता था तब एक छात्रा से उसका प्रेम प्रसंग था। छात्रा जब नौवीं कक्षा में थी तब से उनके बीच दोस्ती थी। दोनों ने 11वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। परिजनों को कुछ समय पहले उनके संबंध की जानकारी मिली तो शादी के लिए सहमति जताई। किशोरी के परिजनों का कहना था कि बालिग होने के बाद दोनों की शादी कर दी जाएगी। 13 फरवरी को रोके की रस्म पूरी होने की बात भी सामने आई है। युवक जल्द शादी करने की जिद कर रहा था।
दोनों की हालत स्थिर-
शनिवार को वेलेंटाइन डे के दिन दोपहर करीब दो बजे खेतों से गुजर रहे एक ग्रामीण ने दोनों को अचेत हालत में देखा। उसने सरपंच और अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि दोनों ने जहरीले पदार्थ को निगला है। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने बताया कि दोनों की हालत स्थिर है। अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। 24 घंटे बाद स्थिति क्लीयर होगी। बरवाला थाना प्रभारी कर्मजीत ने ऐसी सूचना होने से इनकार किया।



