ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: हरियाणा सरकार ने गांवों के विकास के लिए 7-स्टार रेनबो गांव एक अच्छी योजना बनाई थी। लेकिन लगता है कि अभी हरियाणा की पंचायतों को सेवन स्टार बनने के लिए सरकार और पंचायतों को जमीनी स्तर पर काफी मेहनत करने की जरूरत है। जी हां, ये हम नहीं बल्कि सरकार की ओर से 7 स्टार रेनबो गांव योजना की जारी सूची खुद ब्यां कर रही है। सूबे के 1120 गांवों को पंचायती राज विभाग ने स्टार गांव का दर्जा दिया है। ये योजना असल में सेवन स्टार की थी।
लेकिन योजना के पैमाने पर हरियाणा के गांव केवल 6 स्टार की रेटिंग तक ही पहुंच पाए है। हरियाणा की कुल 6 हजार 204 ग्राम पंचायतों में से 1120 गांवों को पहली बार स्टार गांव का दर्जा दिया गया है। जबकि पूरे हरियाणा में केवल पलवल जिले के ही 3 गांव 6 स्टार की रेटिंग हासिल कर पाने में कामयाब हो पाए है। इनमें हथीन ब्लॉक का जैनपुर और जानाचौली गांव, जबकि पृथला ब्लॉक का नंगलान भीखूवाला गांव शामिल है। पांच स्टार वाले तीन गांवों में भी पलवल जिले के हसनपुर ब्लॉक का भांडोली और हथीन ब्लॉक का घरोट गांव है, जबकि तीसरा गांव रोहतक जिले के कलानौर ब्लॉक का काहनौर शामिल है।
4 स्टार पाने वाले 9 गांवों में अंबाला के नारायणगढ़ ब्लॉक के गांव अकबरपुर व हरबो, फरीदाबाद का मादलपुर, फतेहाबाद जिले के नागपुर ब्लॉक के बनावाली सौतर व मल्हार, गुड़गांव का वजीरपुर, बरवाला ब्लॉक का बहबलपुर और हसनपुर ब्लॉक का रामगढ़ व करना गांव शामिल हैं। सबसे ज्यादा स्टार गांव अंबाला जिले के हैं जिसको 407 मिले है। दूसरे नंबर पर गुड़गांव के 199 गांव है, तीसरे नंबर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का गृह जिला करनाल रहा है। इस जिले के 75 गांवों को स्टार मिला है, जबकि निचले तीन पायदानों पर रेवाड़ी 4, चरखी दादरी के 5 और पंचकूला के 7 गांवों को ही स्टार मिला है।
सरकार की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार सबसे ज्यादा स्टार शांति व भाईचारा बनाए रखने के लिए गांवों को मिले है। बता दें कि हर स्टार पर एक लाख का पुरस्कार गांवों को मिलेगा। जितने स्टार उतने लाख का पुरस्कार दिया जाएगा यानि छह स्टार वाले गांव को छह लाख रुपए मिलेंगे। इसके अलावा छह स्टार वाले गांव पंचायत विभाग से 20 लाख, पांच स्टार वाले गांव 15 लाख और चार स्टार वाले गांव 10 लाख रुपये तक का अतिरिक्त विकास कार्य करा सकेंगे। स्टार रेटिंग हासिल करने वाले गांवों को जुलाई में पंचकूला, गुड़गांव और रोहतक में कार्यक्रम आयोजित कर सम्मानित किया जाएगा।
बेशक हरियाणा का कोई भी गांव सरकार की योजना के अनुसार सेवन स्टार की रेटिंग हासिल न कर पाया हो। लेकिन विकास के मामले में गांवों को आगे ले जाने के लिए हरियाणा सरकार ने देश में पहली बार गांवों को स्टार रेटिंग देकर एक नई शुरूआत की है। पर देखने वाली बात ये होगी कि क्या अगली बार सूबे की पंचायतें सेवन स्टार की रेटिंग हासिल कर पाने में सफल हो पाएंगी या नहीं।




