ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडया न्यूज:हरियाणा सरकार एक तरफ दावा करती है कि सड़कों को लेकर विकास किए गए हैं, तो दूसरी तरफ पंचकूला के रायपुर रानी और आस-पास के गांवों में बुरा हाल है। जहां नदी को पार करना लोगों के लिए काफी मुश्किल हो गया है।
लोगों का कहना है कि नदी को पार करने के लिए सरकार ने कोई रास्ता नहीं बनाया है, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विधायक से लेकर सीएम तक को इस बारे में पत्र लिखा है। लेकिन फिर भी सरकार की तरफ से कोई कार्यवाही नहीं की गई।
वहीं, गांव के बच्चों को भी पढ़ाई को लेकर काफी नुकसान उठाना पड़ता है क्योंकि जब नदी में पानी का बहाव आता है, तो बच्चे स्कूल नहीं जा पाते। इसके साथ ही लोग भी अपने काम पर जा पाते। बरसात के दिनों में लोग अपने घरों में कैद हो जाते हैं और जब बरसात के पानी का बहाव कम होता है, तभी वे घर से बाहर निकल पाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस बारे में कई बार शिकायत भी की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। एक बार कालका विधायक लतिका शर्मा गांव का दौरा करने आई थी। उस दौरान अचानक नदी में पानी आ गया और विधायक समेत कई अधिकारियों को 3-4 घंटे नदी से पानी उतरने का इंतजार करना पड़ा। अपनी आंखों से परेशानी देखने के बाद भी विधायका ने कोई कदम नहीं उठाया।
ये एक विचार करने वाला मुद्दा है क्योंकि गर्भवती महिलाओं को भी इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। एक तरह से कहें तो उनकी जान को भी खतरा है। महिलाओं को अपने चेकअप के लिए जाना होता है, तो वे नदी पार करती हैं और कई बार वे चोटिल भी हुई हैं।
वहीं, ग्रामीणों ने ये भी बताया कि जब नदी में तेज बहाव होता है, तो गांव के लोग इक्ट्ठा होकर एक दूसरे को रस्सी के सहारे नदी को पार करवाते हैं।
अब बड़ा सवाल ये है कि इस बड़े मुद्दे को लेकर प्रशासन क्यों सोया हुआ है और क्यों इसको लेकर कोई भी कदम नहीं उठाए जाते। कई लोगों की जान जोखिम में है, लेकिन प्रशासन का इससे कोई वास्ता नहीं।



