ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज़:
हरियाणा में अपराध करके भागने वाले अपराधियों को शीघ्र पकडऩे तथा पीडि़तों तक तत्काल पुलिस सहायता पहुंचाने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा ‘हरियाणा 100’ प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट की हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल 15 अगस्त 2018 को पंचकूला से शुरूआत करेंगे।यह निर्णय उक्त प्रोजेक्ट के लिए बुलाई गई समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की। ‘हरियाणा 100’ का मुख्यालय पंचकूला में होगा,जिसके लिए एक अलग भवन बनाया जाएगा। मुख्यालय में 100 कॉल सैंटर आपरेटर तथा 50 डिस्पैच ऑफिसर की टीम हमेशा मौजूद रहेगी जिसमें समर्पित भाव से काम करने वाले तथा प्रशिक्षित लोग शामिल होंगे। इसके अलावा राज्यभर में विशेष रूप से तैयार किए गए 600 चौपहिया वाहन तैनात किए जाएंगे ताकि ‘हरियाणा 100’ पर कोई भी शिकायत मिलने पर तत्काल कारवाई की जा सके।
