ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा की सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं के कारण रोजाना कहीं न कहीं कोई हादसा हो ही जाता है, लेकिन इसके बाद भी सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए सरकार की ओर से कोई कदम नहीं उठाया जाता। इतना ही नहीं पिछले कई सालों से प्रदेश में पशु गणना भी नहीं हुई है। इसका खुलासा और किसी ने नहीं बल्कि खुद पशु पालन मंत्री ओपी धनखड़ ने किया है।
सीएम सिटी हो या फिर हरियाण का कोई अन्य शहर, हर शहर की सड़कों पर आपकों आवारा पशु घूमते हुए मिल जाएंगे। इन पशुओं के कारण कई बार हादसे भी हो चुके है, लेकिन इसके बाद भी सरकार इन आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए गंभीर दिखाई नहीं दे रही। यहीं कारण है कि सरकार आज तक पशुओं की गणना भी नहीं करा पाई है, जिस कारण सरकार के पास आवारा पशुओं का कोई आंकड़ा ही नहीं है।
इतना ही नहीं हरियाणा के पशु पालन मंत्री ओपी धनखड़ की माने तो आवारा पशुओं को पकड़ने का काम भी पशु पालन विभाग का नहीं, बल्कि स्थानीय प्रशासन का है। एक ओर प्रदेश सरकार जनता के हितों का ध्यान रखने का दावा करती है, लेकिन दूसरी ओर जब उनसे आवारा पशुओं के बारे में बात की जाती है तो पशुपालन विभाग इसके लिए खुद की बजाए स्थानीय प्रशासन को जिम्मेदार ठहरा देता है। खैर अब देखने वाली बात ये होगी कि आखिर हरियाणा की सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं से सूबे की जनता को कब निजात मिलेगी।


