Online Desk: यमुनानगर दादूपुर नलवी नहर को डिनोटिफाई किये जाने के विरोध में किसानों ने राष्ट्रीय राज्यमार्ग-73 पर जाम लगाया और मुख्यमंत्री खट्टर का पुतला भी फूंका। किसानों ने नेताओं को चेतावनी भी है। किसानों का कहना है कि जिला सचिवालय में आने वाले हर मंत्री का विरोध किया जाएगा। यमुनानगर की जगाधरी अनाज मंडी के बाहर दादूपुर नलवी नहर के मामले में बैठे किसानों का धरना आज 85वें दिन भी जारी है. किसानों में इस बात को लेकर काफी रोष है कि सरकार ने आज तक इनकी समस्या का समाधान नहीं किया है और ना ही इनके विरोध का संज्ञान लिया है।
https://youtu.be/Jc9UHGa4YeM
किसानों ने आज सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री मनोहर लाल का पुतला भी फूंका. किसानों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया. प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए जिला सचिवालय का गेट बंद करवा दिया. किसानों ने आरोप लगाया कि पहले कांग्रेस ने नहर खुदवाने के नाम पर पैसे खा लिए, अब मौजूदा सरकार नहर भरवाने के नाम पर पैसा खा रही है. ऐसे में किसान कहां जाएगा? किसान नेता विजय मेहता ने सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली. उन्होंने कहा कि किसानों को धरने पर बैठे हुए आज 85 दिन हो गए हैं लेकिन सरकार का कोई भी नुमाइंदा या स्थानीय नेता किसानों का समर्थन करने नहीं पहुंचा है. इसीलिए अब किसानों ने तय किया है कि सरकार का कोई भी मंत्री जिला सचिवालय में आएगा तो काले झंडे दिखाकर उसका विरोध करेंगे। किसान नेता ने अब गांव में आने वाले किसी भी पार्टी के नेता को चेतावनी दी है।
इनका कहना है कि अब चुनाव भी आने वाले हैं और किसी भी पार्टी का कोई नेता वोट मांगने आएगा तो उसे गांव में घुसने नहीं देंगे, बल्कि जूतों की माला से उसका स्वागत किया जाएगा। वहीं किसान संघर्ष समिति के नेता सुभाष का कहना है कि चूंकि मुख्यमंत्री किसान का बेटा नहीं है इसलिए किसानों के दर्द को नहीं जानता. किसान नेता ने हरियाणा की बीजेपी सरकार का विरोध करते हुए कहा कि दादुपूर नलवी नहर को किसी भी हालात में बंद नहीं करने देंगे. किसानो को चाहे सड़कें जाम करनी पड़े या फिर रेल रोकनी पड़े.
