ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:हिन्दू धर्म में हरियाली तीज का एक बड़ा महत्त्व है। इस दिन महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं। इस पर्व को उनके मिलन के रूप में भी मनाया जाता है। सुगान महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत भी रखती हैं।
कब मनाई जाती है हरियाली तीज और क्या है शुभ मुहूर्त-
श्रावण मास के शुकल पक्ष की तृतीया को ‘श्रावणी तीज’ या ‘हरियाली तीज’ मनाई जाती है। इस बार हरियाली तीज 3 अगस्त को मनाई जा रही है।
हरियाली तीज की तिथि आरंभ: 03 अगस्त 2019 की सुबह 07 बजकर 06 मिनट से.
हरियाली तीज की तिथि समाप्त: 04 अगस्त 2019 की सुबह 03 बजकर 36 मिनट तक.
हरियाली तीज से जुड़ी कुछ खास बातें-
सुहागन महिलाओं के लिए ये त्यौहार बेहद ही महत्वपूर्ण है। मानयता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए 108 सालों तक कठिन तपस्या की थी। इस तप से प्रसन्न होकर ही भगवान शिव ने आज ही के दिन प्रकट होकर मां पार्वती को पत्नी के रूप में स्वीकार किया था। तीज मां पार्वती को समर्पित है, जिन्हें ‘तीज माता’ भी कहा जाता है।
सिर्फ सुहागन ही नहीं, अविवाहित लड़कियां भी मन चाहे पति की इच्छा रखते हुए इस दिन व्रत रखती हैं। वहीं पुत्र प्राप्ति के लिए भी महिलाएं व्रत करती हैं।
कैसे मनाई जाती है हरियाली तीज-
पूरे उत्तर भारत में तीज को महिलाएं बड़े ही धूमधूम के साथ मनाती हैं। सुहागन महिलाएं व्रत- उपवास करती हैं। ये व्रत करवा चौथ के व्रत से भी कठिन होता है, क्योंकि इस दिन महिलाएं बिना पानी की बूंद के ही रहती हैं। माना जाता है कि इस व्रत को निर्जला ही रखते हैं, इसलिए कुछ भी खाया- पिया नहीं जाता।
महिलाएं इस दिन मिट्टी के पार्वती- शिव बनाकर उनकी पूजा करती हैं। पूजा के बाद इन मूर्तियों को नदी या किसी पवित्र जलाशय में प्रवाहित किया जाता है।
पार्वती और भगवान शिव की पूजा के वक्त महिलाएं कथा भी सुनती हैं। जिसमें पार्वती और शिव के मिलने की पूरी कहानी सुनाई जाती है। इस कथा को ‘हरियाली तीज कथा’ भी कहा जाता है।
महिलाएं इस दिन सोलह श्रृंगार करती हैं और पूरे दिन माता पार्वती और भगवान शिव का ही ध्यान करती हैं। व्रत खोलते समय खीर- पूरी, हलुआ और मालपुए से ही भोग लगाया जाता है।








