यमुनानागर, 10 अगस्त
यमुनानगर में अब सियासी माहौल देशभक्ति के रंग में रंगने वाला है BJP की ओर से जिले की चारों विधानसभा सीटों में तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया गया है। 12 अगस्त से 14 अगस्त तक चलने वाली इन यात्राओं में बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरेंगे। रादौर विधानसभा में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा तिरंगा यात्रा की अगुवाई करेंगे, जबकि जगाधरी विधानसभा में पूर्व कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर नेतृत्व करते नजर आएंगे। इसके अलावा साढोरा और यमुनानगर विधानसभा में भी BJP की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
पार्टी का दावा है कि इन यात्राओं के जरिए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।लेकिन तिरंगा यात्रा के ऐलान के साथ ही सियासत भी गरमा गई है। राहुल गांधी के छात्रों से जुड़े ‘गूंज‘ कार्यक्रम पर पूर्व कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कंवरपाल गुर्जर ने आरोप लगाया कि छात्रों के सबसे बड़े दुश्मन कांग्रेस और उसके सहयोगी दल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में BJP सरकार बनने से पहले योग्यता की कोई कदर नहीं थी।
उनके मुताबिक BJP सरकार ने युवाओं को बिना खर्ची और बिना पर्ची के नौकरी देने का काम किया। कंवरपाल गुर्जर यहीं नहीं रुके उन्होंने कांग्रेस पर छात्रों को राजनीति में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने छात्रों से रास्ते रुकवाने का काम किया।
अब BJP की तिरंगा यात्रा के जरिए राष्ट्रवाद का संदेश और कांग्रेस पर सियासी हमला दोनों एक साथ देखने को मिलेंगे। यमुनानगर की चारों विधानसभाओं में होने वाली इन यात्राओं पर राजनीतिक नजरें भी टिकी रहेंगी।
अन्य खबरें जानें-


