ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: नेशनल हेल्थ मिशन एक्ट के विरोध में निजी अस्पतालों की ओर से किए गए बंद के चलते शहर के सभी निजी अस्पताल और क्लीनिक बंद रहे। रेवाड़ी में निजी अस्पतालों के बंद के चलते सरकारी अस्पताल के सभी डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई। निजी अस्पतालों की हड़ताल के कारण सरकारी अस्पताल में मरीजों की लाइन लगी रही।
निजी अस्पतालों के बंद को देखते हुए इलाज की सभी सुविधाएं सरकारी अस्पताल में मुहैया कराई गई। आईएमए सदस्य डॉ. पवन गोयल ने बताया कि यदि सरकार ने अपना फैसला नहीं बदला तो वो लोग अनिश्चितकालीन बंद की भी घोषणा कर सकते है। ऐसा होने पर मरीज को होने वाली परेशान पर सरकार को खुद ही जवाब देना होगा।
सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को दी जाने वाली सभी सुविधाओं को दुरुस्त कर दिया गया है। इलाज के दौरान मरीजों को किसी भी तरह की कोई परेशानी नही होने दी जाएगी।
हड़ताल को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों व चिकित्सकों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई है। हालांकि मेडिकल अधिकारी ने जनता के हित को देखते हुए सरकार से निजी चिकित्सकों की मांगों पर ध्यान देने की अपील की है।



