Karnal में श्रद्धा और उल्लास से मनाई गई गोपाष्टमी, गौमाता की पूजा कर की सुख-समृद्धि की कामना

करनाल, 17 नवंबर गौमाता के प्रति श्रद्धा, सेवा और समर्पण का प्रतीक गोपाष्टमी पर्व करनाल में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर…

करनाल

करनाल, 17 नवंबर

गौमाता के प्रति श्रद्धा, सेवा और समर्पण का प्रतीक गोपाष्टमी पर्व करनाल में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गौशाला रोड स्थित श्री कृष्ण गोपाल गौशाला में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने विशेष रूप से भाग लिया।

कार्यक्रम में गौभक्तों ने गौमाता की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान गौसेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गौमाता के संरक्षण, संवर्धन और उनकी बेहतर देखभाल के लिए समाज को आगे आने का संदेश दिया गया।

गाय से ही होगी कर्ज मुक्त खेती

मीडिया से बातचीत में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे गौ सेवा का अवसर मिला है। गाय भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार रही है। जब से किसान गौ माता से दूर हुआ वह कर्जदार होने लगा। कर्ज मुक्त प्राकृतिक खेती गाय से हो सकती है। गौवंश का संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है।

जहर मुक्त खेती सबसे उत्तम : कृषि मंत्री

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का जो विकसित भारत का विजन है इसका उद्देश्य है कि देश की 20% प्राकृतिक खेती में आ जाए ताकि देश के नागरिकों को खाने के लिए अच्छा अनाज मिल सके। जहर मुक्त खेती सबसे उत्तम है, क्योंकि खेतों में उगाए जाने वाले अनाज और चारे का असर पशुओं के दूध में भी आता है। उन्होंने गौशालाओं के माध्यम से बेसहारा और जरूरतमंद गौवंश की सेवा करने वाले लोगों के प्रयासों की सराहना की।

पराली के मुद्दे पर कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा ने पराली का पूरा प्रबंध किया है अब किसान पराली में आग नहीं लगाते बल्कि उससे आय प्राप्त करते हैं। हम जीरो बर्निंग की तरफ बढ़ रहे हैं।

गौ संरक्षण में जुटे समाज

गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने गौसेवा को पुण्य और मानवीय संवेदना से जुड़ा कार्य बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। यह दिन हमें गौ सेवा की प्रेरणा देता है गौमाता की सेवा और संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से गौसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

अन्य खबरें जानें –

Faridabad के बल्लभगढ़ में हाइड्रा की चपेट में आई 22 साल की युवती, दोनों पैर कुचले, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *