गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के तहत रणनीतिक नाकों पर निगरानी और सख्त, राज्यभर में नशीले पदार्थों एवं अवैध हथियारों की बड़ी बरामदगी

चंडीगढ़, 22 जून: राज्यभर में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंजाब पुलिस ने सभी जिलों में महत्वपूर्ण जंक्शनों पर रणनीतिक नाके स्थापित कर…

DGP GAURAV YADAV

चंडीगढ़, 22 जून: राज्यभर में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंजाब पुलिस ने सभी जिलों में महत्वपूर्ण जंक्शनों पर रणनीतिक नाके स्थापित कर पुलिसिंग को और सुदृढ़ किया है। यात्रियों और आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा पहुंचाते हुए प्रभावी पुलिसिंग पर ध्यान केंद्रित करने वाली इस पहल ने अनेक आपराधिक गतिविधियों को रोकने में मदद की है। इसके परिणामस्वरूप कई अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की महत्वपूर्ण बरामदगी भी हुई है।

‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के अंतर्गत लगाए गए इन नाकों से पुलिस की मौजूदगी बढ़ी है तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता मजबूत हुई है। ये नाके जिलों में सक्रिय अपराधियों, नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए एक प्रभावी माध्यम साबित हो रहे हैं।

हाल ही में नाकों पर चलाए गए अभियानों के महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए हैं। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर उनके कब्जे से दो 9 एमएम सब-मशीन गन तथा ‘गफ्फार सिक्योरिटी’ लिखी एक खाली मैगजीन बरामद की।

अमृतसर पुलिस ने एक अन्य नाके पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 2.1 किलोग्राम हेरोइन और सात आधुनिक पिस्तौल बरामद किए। इनमें तुर्की निर्मित 9 एमएम ग्लैडिएटर, 9 एमएम जिगाना एक्स-शॉट, इटली निर्मित .30 बोर बेरेटा, चीन निर्मित .30 बोर जिगाना, ऑस्ट्रिया निर्मित .30 बोर पिस्तौल तथा चीन निर्मित दो .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

एक अन्य कार्रवाई में गुरदासपुर पुलिस ने दीनानगर में एक स्कूटर को नाके पर रोककर पति-पत्नी को 253 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। इसी क्षेत्र में पनियार शुगर मिल के निकट लगाए गए नाके के दौरान एक अन्य आरोपी को छह पैकेटों में पैक की गई 3 किलोग्राम हेरोइन तथा 2.25 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया गया।

लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए थाना लाडोवाल क्षेत्र में लगाए गए एक नाके पर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए। पुलिस टीमों ने दो .30 बोर और एक .315 बोर सहित तीन पिस्तौल तथा 11 जिंदा कारतूस बरामद किए। आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा बिना पंजीकरण नंबर वाला बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया गया।

इस संबंध में पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने कहा, “रणनीतिक नाकों की स्थापना के माध्यम से पंजाब पुलिस न केवल लोगों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित कर रही है, बल्कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रख रही है। विभिन्न नाकों से हुई बरामदगियां हमारी रणनीति की प्रभावशीलता को दर्शाती हैं। हमारा संदेश स्पष्ट है कि पंजाब में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा। ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के तहत प्रत्येक जिले में चिन्हित स्थानों पर अस्थायी नाके स्थापित कर पुलिसिंग और सुरक्षा प्रबंधों को और मजबूत किया जा रहा है।”

ये रणनीतिक नाके पंजाब पुलिस के व्यापक सुरक्षा ढांचे का अभिन्न हिस्सा हैं, जो रियल-टाइम खुफिया सूचनाओं पर कार्रवाई करने तथा आपराधिक नेटवर्कों को ध्वस्त करने के लिए एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) के साथ निकट समन्वय में कार्य कर रहे हैं।

‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने खुफिया जानकारी आधारित कार्रवाइयों में तेजी लाई है, संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ अभियान को और मजबूत किया है तथा जिला स्तर पर निवारक पुलिसिंग को बढ़ावा दिया है। इस अभियान में नाके अपराधों की रोकथाम और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में उभरकर सामने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *