Patiala:
पटियाला (Patiala) में सेन्ट्रल ब्यूरो ऑफ इनवैस्टिगेशन (CBI) और केंद्रीय गृह मंत्रालय का सीनियर अधिकारी बनकर नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले गैंग का पर्दाफाश हुआ है। पटियाला सदर पुलिस ने दो भाइयों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। बाकी साथियों की तलाश जारी है।
एक परिवार से ठगे 65 लाख –
पुलिस के मुताबिक, समाना के रहने वाले गुरसेवक सिंह, उसकी पत्नी अमनजोत कौर और गुरभेज सिंह को होशियारपुर से गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी गुरसेवक सिंह कभी खुद को एंटी-नारकोटिक्स सेल का चेयरमैन तो कभी CBI का अधिकारी बताकर लोगों को लूटता था। आरोप है कि आरोपियों ने एक परिवार के दो युवकों को केंद्रीय मंत्रालयों में नौकरी दिलाने का वादा करके उनसे करीब 65 लाख रुपये ठग लिए। जब अपॉइंटमेंट लेटर चेक किए गए तो वे नकली पाए गए। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पटियाला पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
तीनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर-
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी गाड़ियों पर CBI और दूसरी सरकारी प्लेट लगाकर लोगों को गुमराह करता था और अपने ऑफिस की फोटो दिखाकर खुद को बड़ा अधिकारी साबित करता था। वह रेगुलर तौर पर अपना ऑफिस दिखाने के लिए ऐसा सेटअप तैयार करता था कि फोटो देखकर लोग उसे बड़ा अधिकारी समझने लगते थे और इसी आधार पर वह लोगों को अपने जाल में फंसाकर लाखों की ठगी करता था। फिलहाल, तीनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है और पूछताछ में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।



