फूड इंस्पेक्टर लैपटॉप से होंगे हाईटेक; लाल चंद कटारूचक ने डिजिटल पहल को दी मंजूरी

चंडीगढ़, 25 अगस्त: तकनीक के नए युग के साथ कदम मिलाकर चलने की दिशा में एक मिसाल कायम करते हुए खाद्य, सिविल सप्लाई और उपभोक्ता…

चंडीगढ़, 25 अगस्त: तकनीक के नए युग के साथ कदम मिलाकर चलने की दिशा में एक मिसाल कायम करते हुए खाद्य, सिविल सप्लाई और उपभोक्ता मामलों के मंत्री लाल चंद कटारूचक ने आज इंस्पेक्टर कैडर के अधिकारियों के लिए लैपटॉप खरीदने को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी।

विभाग की इंस्पेक्टर यूनियन के साथ बातचीत करते हुए मंत्री ने इस कदम को ऐतिहासिक फैसला करार दिया। उन्होंने कहा कि इससे इंस्पेक्टर अब अधिक सटीकता और पारदर्शिता के साथ अपनी ड्यूटी निभाने में सक्षम होंगे, क्योंकि वे जमीनी स्तर पर विभाग के वास्तविक सिपाही हैं।

मंत्री ने आगे कहा कि यह फैसला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इंस्पेक्टर जमीनी स्तर पर खरीद प्रक्रिया से जुड़े किसानों, आढ़तियों और अन्य हितधारकों के साथ सीधे संपर्क में रहते हैं।

मंत्री ने इंस्पेक्टरों के लिए यात्रा भत्ते (कन्वेयंस अलाउंस) को भी मंजूरी दी, ताकि उन्हें मंडियों का दौरा करने और विशेष रूप से खरीद कार्यों के दौरान जमीनी स्थिति का जायजा लेने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

विभाग के कार्यालयों के सुचारू और व्यवस्थित कामकाज को सुनिश्चित करने के लिए मजबूत बुनियादी ढांचे के महत्व पर जोर देते हुए लाल चंद कटारूचक ने इंफ्रास्ट्रक्चर अलाउंस को भी मंजूरी दी। इससे इंस्पेक्टर अपने कार्यालयों में बेहतर गुणवत्ता का फर्नीचर सुनिश्चित कर सकेंगे और कार्यालयी वातावरण को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

मंत्री ने इंस्पेक्टरों को समाज के गरीब वर्गों के लिए आने वाले अनाज को हर हाल में उन तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के लिए भी प्रेरित किया। श्री कटारूचक ने कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर खाद्य, सिविल सप्लाई और उपभोक्ता मामले विभाग के प्रमुख सचिव राहुल तिवारी, निदेशक वरिंदर कुमार शर्मा, पनग्रेन के अतिरिक्त प्रबंध निदेशक कमल कुमार गर्ग, अतिरिक्त निदेशक डॉ. अंजुमन भास्कर और अजयवीर सिंह सराओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *